बलरामपुर-रामानुजगंज में मतदाता पंजीकरण का विशेष अभियान, 772 मतदान केंद्रों पर लग रहे शिविर
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर छूटे हुए मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के सभी 772 मतदान केंद्रों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बीएलओ मतदाता सूची का सत्यापन कर घर-घर सर्वे करेंगे। पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए ECINET मोबाइल ऐप, निर्वाचन आयोग के पोर्टल और टोल फ्री नंबर 1950 की सुविधा भी उपलब्ध है।
UNITED NEWS OF ASIA. अली खान, बलरामपुर l छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के तहत छूटे हुए मतदाताओं का सत्यापन करने और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के सभी 772 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी यानी बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची का मिलान प्री-एसआईआर मतदाता सूची से कर रहे हैं। इस प्रक्रिया में ऐसे मतदाताओं की पहचान की जा रही है, जिनके नाम पूर्व की सूची में दर्ज थे, लेकिन विभिन्न कारणों से वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। ऐसे मतदाताओं की अलग सूची तैयार की जा रही है। इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर संबंधित व्यक्तियों की वर्तमान स्थिति का सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने पर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। घर-घर सर्वे के दौरान छूटे हुए मतदाताओं और पहली बार मतदान के पात्र युवाओं के आवेदन भी लिए जा रहे हैं।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा होगी सूची
विशेष अभियान के अंतर्गत तैयार की गई सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाएगी। अभियान के अंत में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी यह सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएंगे। इससे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र नागरिकों की पहचान करने और उनका नाम जुड़वाने का एक और अवसर मिलेगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची में पारदर्शिता बनाए रखना और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
मजदूर बस्तियों और शैक्षणिक संस्थानों में भी शिविर
अभियान के तहत मजदूर बस्तियों में रहने वाले लोगों, बेघर व्यक्तियों और वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों के पंजीकरण के लिए भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही कक्षा 9वीं से 12वीं तक के शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के जरिए विद्यार्थियों और भावी मतदाताओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जा रहा है, ताकि पात्र होने पर वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकें।
ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की सुविधा
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या निर्वाचन संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए नागरिक अपने क्षेत्र के 772 बूथ लेवल अधिकारियों, 12 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और 2 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। पात्र नागरिक ECINET मोबाइल ऐप या निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अपने क्षेत्र के बीएलओ के पास ऑफलाइन फॉर्म-6 भी जमा किया जा सकता है।
ECINET ऐप में उपलब्ध “Book a Call with BLO” सुविधा के जरिए नागरिक सीधे अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। समय पर पंजीकरण कराने से पात्र नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिल सकेगा।