बलरामपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के विरोध में राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और FIR वापस लेने की मांग

बलरामपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, संसद में चर्चा, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने की मांग की गई। इस दौरान कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि भी दी गई।

Jul 23, 2026 - 18:32
Jul 23, 2026 - 19:08
 0  5
बलरामपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के विरोध में राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और FIR वापस लेने की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. अली खान, बलरामपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर ने नीट पेपर लीक मामले, छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेताओं की हिरासत के विरोध में जिला मुख्यालय बलरामपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के अध्यक्ष समीर सिंह देव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंदों चौक पर एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास की ओर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने इसे विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास बताते हुए इसकी निंदा की। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस्तर की छात्रा आरिका नायडू को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए चंदों चौक से पुराने कलेक्टर चौक तक कैंडल मार्च निकाला। इसके बाद सभी कार्यकर्ता शहीद पार्क पहुंचे, जहां दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रा की मृत्यु ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है और युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को गंभीरता से जवाबदेह होना चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो युवाओं का विश्वास व्यवस्था से उठ जाएगा। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस अवसर पर पूर्व विधायक महेश्वर पैकरा, जिला उपाध्यक्ष रिपुजित सिंह, छोटू बंगाली, जयप्रकाश जायसवाल, जितेंद्र गुप्ता, मनीष अब्दुल्ला, विवेक सिंह देव, समीर सिंह देव, राजा चौब, विजय पैकरा, भोला मियां, विकास गुप्ता, रामाकांत जायसवाल, राजकुमार यादव, कैलाश सोरठिया, सी.बी. सिंह, नवीन गुप्ता, मुन्ना गुप्ता, कृपाशंकर, बुद्धदेव पोया, पुष्पा, संस्कृति, रीना, दुर्गावती, वर्जीनिया, वाशिम, मुमताज, कुसुम बंजारे, कीर्तन, बिछान, जोखू राम, प्रशांत बाला, संजीत बाला, संतोष विश्वास, सुनील तिर्की, रामप्रकाश गुप्ता, चंद्रशेखर पोर्टे, रिजवान अंसारी, जयनलाल बड़ा, चंद्रमणि पाठक, रमेश यादव, संदीप सिंह, रामप्रसाद यादव, संजय पाल, अशरफ, जुबेर खान सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।