पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को थाना बालोद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिवनी अटल विहार कॉलोनी स्थित क्वार्टर नंबर ईडब्ल्यूएस/92 में दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा बिक्री के लिए रखे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी एवं तलाशी की कार्रवाई की।
मौके पर मौजूद दोनों संदिग्धों से पूछताछ के दौरान उनकी पहचान टेकचंद साहू और गौतेश कुमार साहू के रूप में हुई। पुलिस ने विधिवत तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से कुल 1.436 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी टेकचंद साहू के पास से Redmi Note 10 5G मोबाइल फोन और गौतेश कुमार साहू के कब्जे से Samsung F15 5G मोबाइल फोन बरामद किया गया। गांजा और दोनों मोबाइल फोन सहित जब्त सामग्री की कुल कीमत 85 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में टेकचंद साहू, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, नीचे पारा, ग्राम सिवनी, थाना एवं जिला बालोद और गौतेश कुमार साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 7, स्कूल पारा, ग्राम सिवनी, थाना एवं जिला बालोद शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बालोद में अपराध क्रमांक 510/2026 दर्ज किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद विनय कुमार साहू के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, उप निरीक्षक कमला यादव, सहायक उप निरीक्षक गौकरण भंडारी, आरक्षक भूपेश साहू, आरक्षक चुरेंद्र कुर्रे, आरक्षक बनवाली साहू और आरक्षक संजय सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार या बिक्री से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।