Ratlam News : जावरा सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी नई गति,विधायक राजेन्द्र पाण्डेय की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिए गए कई अहम फैसले
रतलाम जिले के जावरा सिविल अस्पताल में विधायक राजेंद्र पांडेय की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अस्पताल के विकास, नई स्वास्थ्य सुविधाओं, पोस्टमार्टम भवन, पार्किंग शेड, कार्डियक एम्बुलेंस, एलईडी लाइट, वाटरप्रूफिंग सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
UNITED NEWS OF ASIA. राजेश पुरोहित, रतलाम | रतलाम जिले के जावरा स्थित सिविल अस्पताल में शुक्रवार को रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की गई।
बैठक से पूर्व विधायक डॉ. पांडेय ने एसडीएम रचना शर्मा तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा के साथ सिविल अस्पताल एवं नवीन मातृत्व विंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डायलिसिस यूनिट, ब्लड स्टोरेज सेंटर, फिजियोथैरेपी यूनिट, ऑपरेशन थियेटर, एनआरसी, एनबीएसयू, ओपीडी, जन्म-मृत्यु पंजीयन कार्यालय तथा पोस्टमार्टम कक्ष का अवलोकन कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ दिपक पालड़िया ने पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन के साथ आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद नवीन पोस्टमार्टम भवन का प्रस्ताव भोपाल भेजने, शव पेटियों की मरम्मत, शेड निर्माण, अस्पताल परिसर में बिजली के पोल एवं एलईडी लाइट लगाने, सिविल अस्पताल एवं नवीन मातृत्व विंग के नामकरण तथा प्रतिमा स्थापना के लिए पुनः पत्राचार करने सहित कई प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। साथ ही आवश्यकता अनुसार परिधीय क्षेत्रों के चिकित्सकों की ड्यूटी सिविल अस्पताल में लगाने पर भी सहमति बनी।
बैठक में वाहन स्टैंड एवं कैंटीन के टेंडर स्थानीय स्तर पर जारी करने का निर्णय लिया गया। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने विधायक निधि से पार्किंग शेड निर्माण की स्वीकृति प्रदान की, जबकि अस्पताल की छतों की वाटरप्रूफिंग सीएसआर फंड से कराने का निर्णय लिया गया। सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी ने सांसद निधि से कार्डियक एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी। इसके अलावा पुराने महिला अस्पताल के बाहरी कक्षों को दुकानों में परिवर्तित करने, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, भूमि सीमांकन, एक्स-रे मशीन सुधार तथा बीपीएचयू यूनिट को पुनः प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कार्य शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि यूसुफ कड़पा, समाजसेवी अशोक आंटिया, सीबीएमओ डॉ. शंकरलाल खराड़ी सहित विभागीय अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।