*गांड़ा महासभा सम्मान समारोह 2026 : किशोर महानंद और गोपाल सोना को किया गया सम्मानित*

रायपुर के वृंदावन हॉल में आयोजित केंद्रीय गांडा महासभा सम्मान समारोह 2026 में श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष किशोर महानंद और नवनिर्वाचित एल्डरमैन गोपाल सोना का पारंपरिक तरीके से सम्मान किया गया। समारोह में समाज की एकता, आत्मसम्मान और सामाजिक प्रगति पर जोर दिया गया।

Jul 19, 2026 - 13:05
 0  5
*गांड़ा महासभा सम्मान समारोह 2026 : किशोर महानंद और गोपाल सोना को किया गया सम्मानित*

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में केंद्रीय गांडा महासभा द्वारा सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में समाज के दो प्रमुख प्रतिनिधियों किशोर महानंद और गोपाल सोना को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह में हाल ही में छत्तीसगढ़ राज्य श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए किशोर महानंद का केंद्रीय गांडा महासभा की ओर से अभिनंदन किया गया। वहीं समाज के नवनिर्वाचित एल्डरमैन गोपाल सोना को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। समाज के लोगों ने दोनों की उपलब्धियों को पूरे समाज के गौरव से जोड़ते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद महासभा की महिलाओं ने पारंपरिक हूल-हुली, आरती, माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों सम्मानित व्यक्तियों का आत्मीय स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और एकजुटता की झलक देखने को मिली।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि अब समय आ गया है कि समाज अपने बीच से उभरकर सार्वजनिक जीवन में योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान स्वयं करे। उन्होंने कहा कि अब तक केवल राजनीतिक नेताओं और मंत्रियों का सम्मान होता रहा है, लेकिन समाज के प्रतिभाशाली और जिम्मेदार लोगों को सम्मानित करना पूरे समाज के आत्मसम्मान और जागरूकता का प्रतीक है। इस विचार का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि किशोर महानंद की नियुक्ति और गोपाल सोना का निर्वाचन समाज के लिए प्रेरणादायक उपलब्धियां हैं। इन सफलताओं से समाज के युवाओं को आगे बढ़ने और नेतृत्व की भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय गांडा महासभा ने सभी अतिथियों, समाज के सदस्यों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। महासभा की प्रदेश महिला अध्यक्ष सीमा छत्रीआ ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए ऐसे सम्मान समारोह भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज के उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को उचित सम्मान मिल सके और नई पीढ़ी को सकारात्मक प्रेरणा प्राप्त हो।