भखारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 210 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी जिले के ग्राम कोपेडीह में भखारा पुलिस ने अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ दबिश देकर तीन अलग-अलग प्रकरणों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 210 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 21 हजार रुपये है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

Aug 26, 2026 - 20:47
 0  2
भखारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 210 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल के मार्गदर्शन में थाना भखारा पुलिस ने ग्राम कोपेडीह में अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, थाना भखारा की अलग-अलग टीमों ने ग्राम कोपेडीह में एक साथ दबिश देकर तीन अलग-अलग प्रकरणों में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 210 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 21 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

तीन मामलों में हुई कार्रवाई

पहले मामले में अपराध क्रमांक 104/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी गोवर्धन चंदेल, पिता उत्तम चंदेल, उम्र 40 वर्ष, निवासी कोपेडीह के कब्जे से 50 लीटर महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत 5 हजार रुपये बताई गई है।

दूसरे मामले में अपराध क्रमांक 105/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई हुई। इस मामले में अशोक माथुर, पिता विट्ठल राम माथुर, उम्र 54 वर्ष, संदीप कुमार माथुर, पिता अशोक माथुर, उम्र 29 वर्ष और सुनील कुमार माथुर, पिता अशोक माथुर, उम्र 35 वर्ष, सभी निवासी ग्राम कोपेडीह को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से हाथ भट्टी से निर्मित 110 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 11 हजार रुपये है।

तीसरे मामले में अपराध क्रमांक 106/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसमें राम कुमार माथुर, पिता उतरा माथुर, उम्र 20 वर्ष, निवासी कोपेडीह को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 50 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 5 हजार रुपये बताई गई है।

इस तरह तीनों प्रकरणों में पुलिस ने कुल 5 आरोपियों से 210 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, जिसकी कुल कीमत 21 हजार रुपये है, जब्त की।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति है।