रायपुर ट्रैफिक समस्या को लेकर आप का ज्ञापन, नो-एंट्री नियम फिर लागू करने की मांग
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने रायपुर की ट्रैफिक समस्या को लेकर कमिश्नर संजीव शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर छोटे मालवाहक वाहनों पर शाम के समय नो-एंट्री नियम को फिर से सख्ती से लागू करने की मांग की।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने आवाज उठाई है। पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष सागर क्षीरसागर के नेतृत्व में आप की एक टीम ने रायपुर कमिश्नर संजीव शुक्ला को ज्ञापन सौंपते हुए ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से आप नेताओं ने कमिश्नर द्वारा पूर्व में लिए गए उस निर्णय की सराहना की, जिसमें शहर के प्रमुख मार्गों पर शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री लागू की गई थी। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह निर्णय ऐतिहासिक और जनहितकारी था, जिससे कुछ समय के लिए शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिली थी।
सागर क्षीरसागर ने कहा कि रायपुर के राजधानी बनने के बाद से सड़कों का चौड़ीकरण, एक्सप्रेसवे निर्माण सहित कई विकास कार्य किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद ट्रैफिक व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि कमिश्नर द्वारा लिया गया नो-एंट्री का निर्णय सही दिशा में उठाया गया कदम था, लेकिन उसे अचानक शिथिल कर दिया जाना समझ से परे है।
आप नेताओं ने बताया कि शहर के एमजी रोड, राठौर चौक, अग्रसेन चौक, भैंसथान, फाफाडीह, रेलवे स्टेशन मार्ग, गुढ़ियारी, रामनगर, नहरपारा, संजय गांधी चौक, गुरुद्वारा स्टेशन रोड और मालवीय रोड जैसे प्रमुख क्षेत्रों में शाम के समय भारी जाम लग जाता है। स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि कई बार एम्बुलेंस तक को रास्ता नहीं मिल पाता, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने कहा कि इन मार्गों पर छोटे मालवाहक वाहन तेजी से चलते हैं, जो शहर के भीतर संचालित ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े होते हैं। उन्होंने बताया कि शहर के अंदर ही कई ट्रांसपोर्ट कंपनियां संचालित हो रही हैं, जो अन्य जिलों और राज्यों के लिए माल ढुलाई का काम करती हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि रावाभाटा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण इसी उद्देश्य से किया गया था कि शहर के भीतर ट्रांसपोर्ट गतिविधियों को कम किया जा सके, लेकिन यह व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं हो पाई। राजनीतिक दबाव के चलते कई प्रयास असफल रहे और ट्रैफिक समस्या जस की तस बनी हुई है।
रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अज़ीम खान ने कहा कि 27 फरवरी 2026 को जारी आदेश के तहत शाम के समय मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया था, जिससे शहरवासियों को राहत मिली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के कारण इस निर्णय को कमजोर कर दिया गया, जो उचित नहीं है।
प्रदेश यूथ विंग अध्यक्ष इमरान खान ने मांग की कि इस नियम को फिर से सख्ती से लागू किया जाए और इसे किसी राजनीतिक रंग से प्रभावित न किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कमिश्नर ने आप नेताओं को आश्वस्त किया कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरान आप के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें मिहिर कुर्मी, अज़ीम खान, इमरान खान और सागर क्षीरसागर प्रमुख रूप से शामिल थे।