प्रथम प्रयास में वैभवी साहू ने हासिल किया 17वां रैंक
छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग स्टेट सर्विस 2024 की परीक्षा में ग्राम सांकरा निवासी वैभवी साहू ने अपने पहले ही प्रयास में 17वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया। उन्हें सहायक संचालक, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी के पद पर चयनित किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी | छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग स्टेट सर्विस 2024 की परीक्षा में ग्राम सांकरा, नगरगी की निवासी कुमारी वैभवी साहू ने प्रथम प्रयास में ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 17वां रैंक अर्जित किया है। उनके चयन से ग्राम सांकरा, सिहावा क्षेत्र और पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। वैभवी साहू को “सहायक संचालक, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी” पद के लिए चयनित किया गया है।
वे प्रदीप कुमार साहू (व्याख्याता) और कंचन साहू (प्रधान पाठक, पीएम नवागांव सांकरा) की प्रतिभाशाली पुत्री हैं। बचपन से मेधावी रही वैभवी ने कक्षा दसवीं में माध्यमिक शिक्षा मंडल की मेरिट सूची में पाँचवां स्थान प्राप्त किया था। एम.एस.सी. के अध्ययन काल में ही उन्होंने SET, NET और JRF जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाएँ उत्तीर्ण कर अपनी योग्यता का प्रमाण दिया।
वर्तमान में वे उद्योग विभाग में सहायक संचालक (ADI) के रूप में कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, सरपंच नागेंद्र बोरझा, उपसरपंच हरीश (राजू) साहू, जनपद सदस्य राजेश गोसाई सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं ग्राम सांकरा के गणमान्य नागरिकों ने बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उनकी सफलता ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है और युवाओं के लिए प्रेरणा का नया मार्ग प्रशस्त किया है।