सियान जन कल्याण समिति ने मनाया स्थापना दिवस, सांसद विजय बघेल ने वरिष्ठजनों के अनुभव को बताया अमूल्य
दुर्ग के न्यू आदर्श नगर पोटिया में सियान जन कल्याण समिति का स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। सांसद विजय बघेल ने वरिष्ठजनों के अनुभव और ज्ञान को समाज के लिए अमूल्य बताते हुए समिति के लिए उचित स्थान और भवन उपलब्ध कराने के प्रयास का आश्वासन दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल,दुर्ग l न्यू आदर्श नगर पोटिया स्थित सियान जन कल्याण समिति का स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे, जबकि अध्यक्षता महापौर अल्का वाघमर ने की। समारोह में समिति अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू, सचिव राकेश यादव, पार्षद अजय वर्मा, पार्षद सरिता साहू सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान श्यामलाल साहू ने “मैं विनती करता हूं मोर धरती मां” गीत की प्रस्तुति दी। गीत ने समारोह में मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया और कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना दिया।
समिति अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू ने समिति की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति की शुरुआत करीब दो वर्ष पहले लगभग 15 सदस्यों के साथ हुई थी और अब इसके सदस्यों की संख्या 79 हो गई है। समिति का विधिवत पंजीयन भी हो चुका है। समिति द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को कॉपी, पेन और पुस्तकें वितरित की गई हैं। इसके अलावा माता तालाब में स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति अभियान और सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हनुमान चालीसा पाठ जैसे आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
बलदाऊ राम साहू ने समिति के लिए भवन की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि यदि समिति को उचित स्थान उपलब्ध हो जाए तो वरिष्ठजन अपने अनुभव और ज्ञान का उपयोग नई पीढ़ी के मार्गदर्शन के लिए कर सकते हैं। यहां कोचिंग कक्षाओं के साथ विभिन्न ज्ञानवर्धक और रचनात्मक गतिविधियां संचालित की जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा आपसी सहयोग से अब तक करीब दो लाख रुपये सामाजिक कार्यों में खर्च किए जा चुके हैं।
पार्षद अजय वर्मा ने माता तालाब में अतिक्रमण के कारण उत्पन्न समस्याओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के वरिष्ठजन लगातार समाज के लिए अपना समय दे रहे हैं और अपने अनुभव के साथ शिक्षा एवं संस्कार भी नई पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं। सरिता साहू ने वरिष्ठजनों से जुड़ी समस्याओं को सामने रखते हुए समिति के लिए भवन की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि विजय बघेल ने कहा कि जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने के बाद वरिष्ठजन अपने अनुभव और ज्ञान को समाजसेवा एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 15 सदस्यों से शुरू हुई समिति का 79 सदस्यों तक पहुंचना इसकी सक्रियता और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
विजय बघेल ने समिति अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू के सामाजिक समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव समाज के लिए अमूल्य है और आध्यात्मिक, सामाजिक तथा रचनात्मक गतिविधियों के जरिए इसका लाभ आने वाली पीढ़ी को मिल सकता है।
सांसद ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें संसद में प्रतिनिधित्व का अवसर दिया है और वे जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समिति के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने तथा भवन निर्माण के प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी वरिष्ठजनों के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. कोमल सिंह सार्वा ने आभार व्यक्त किया। समारोह में समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।