एसआईआर में बड़ी उपलब्धि: धरमजयगढ़ के बाद खरसिया और लैलूंगा में भी 100% डिजिटाइजेशन पूरा

रायगढ़ जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गणना पत्रकों के डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से जारी है। धरमजयगढ़ के बाद अब खरसिया और लैलूंगा विधानसभा ने भी शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया है, जबकि रायगढ़ विधानसभा 99% से अधिक प्रगति पर है।

Dec 4, 2025 - 18:41
 0  28
एसआईआर में बड़ी उपलब्धि: धरमजयगढ़ के बाद खरसिया और लैलूंगा में भी 100% डिजिटाइजेशन पूरा

 UNITED NEWS OF ASIA .महेंद्र अग्रवाल,  रायगढ़ | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के तहत मतदाताओं द्वारा भरे गए गणना पत्रकों के डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से प्रगति पर है। कलेक्टर ने सभी विधानसभा क्षेत्रों को समय-सीमा के भीतर डिजिटाइजेशन पूर्ण करने के निर्देश दिए थे |

जिसके अंतर्गत धरमजयगढ़ के बाद अब खरसिया और लैलूंगा विधानसभा ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। वहीं रायगढ़ विधानसभा की प्रगति भी 99 प्रतिशत से अधिक पहुंच चुकी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने शेष मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने गणना पत्रक शीघ्र बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराएं, जिससे बीएलओ ऐप में प्रविष्टियों का समय पर अद्यतन सुनिश्चित किया जा सके।

अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गणना पत्रक भरने और डिजिटाइजेशन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2025, मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्स्थापन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2025, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 16 दिसंबर 2025, दावे-आपत्तियों की अवधि 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026, सुनवाई एवं निराकरण 16 दिसंबर 2025 से 7 फरवरी 2026 और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 14 फरवरी 2026 को निर्धारित है। रायगढ़ से महेंद्र अग्रवाल।