राज्योत्सव व रायपुर बंद को लेकर पुलिस अलर्ट, आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने दिए सख्त निर्देश

राज्योत्सव और 31 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ क्रांति सेना द्वारा घोषित रायपुर बंद के मद्देनजर पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर है। आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। संदिग्ध तत्वों पर निगरानी और किसी भी उपद्रव की स्थिति में कठोर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

Oct 31, 2025 - 11:27
 0  28
राज्योत्सव व रायपुर बंद को लेकर पुलिस अलर्ट, आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने दिए सख्त निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA.रविशंकर पांडे, रायपुर। आगामी राज्योत्सव के अवसर पर राजधानी में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा 31 अक्टूबर 2025 को छत्तीसगढ़ क्रांति सेना द्वारा घोषित रायपुर बंद के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने आज सिविल लाइन स्थित सी/04 भवन के सभाकक्ष में रायपुर जिले के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

बैठक में आगामी आयोजनों को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को राज्योत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, उपद्रव या शांति भंग की स्थिति पर तुरंत और कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। आईजी अमरेश मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि “कानून व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।”

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को सतर्कता बढ़ाने के साथ ही अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे राज्योत्सव कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करें, ताकि नागरिक बिना किसी भय के उत्सव में शामिल हो सकें। साथ ही सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने और गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ साइबर एक्शन टीम को सक्रिय रहने के आदेश दिए गए हैं।

बैठक में यह भी तय किया गया कि पुलिस अधिकारी व्यक्तिगत रूप से अपने इलाकों का भ्रमण करेंगे और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।

राजधानी रायपुर में राज्योत्सव और बंद के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए सभी थानों और चौकियों को उच्च सतर्कता पर रखा गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था में व्यवधान डालने की किसी भी कोशिश को सख्ती से कुचला जाएगा।