कोरबा की बेटी संजू देवी बनी महिला कबड्डी विश्व कप की शान, महापौर से हुई सौजन्य मुलाकात

महिला कबड्डी विश्व कप 2025 में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर बनी संजू देवी ने 2 दिसंबर को कोरबा नगर निगम कार्यालय में महापौर संजू देवी राजपूत से सौजन्य मुलाकात की। उनकी उपलब्धि जिले की बेटियों के लिए प्रेरणा बनी।

Dec 3, 2025 - 13:01
 0  35
कोरबा की बेटी संजू देवी बनी महिला कबड्डी विश्व कप की शान, महापौर से हुई सौजन्य मुलाकात

 UNITED NEWS OF ASIA. भूपेंद्र साहू, कोरबा | महिला कबड्डी विश्व कप 2025 में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का खिताब जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाली संजू देवी 2 दिसंबर 2025 को शाम 6 बजे कोरबा नगर निगम कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने महापौर संजू देवी राजपूत से सौजन्य मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान महापौर ने संजू देवी से उनके खेल सफर, परिवार और उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की।

संजू देवी ने बताया कि वे कोरबा जिले के पाली ब्लॉक के छोटे से गांव केराकछार की निवासी हैं और उनके परिवार में एक छोटा भाई है। स्कूल जीवन से ही कबड्डी खेलना शुरू करने वाली संजू ने कोरबा में कई वर्षों तक प्रशिक्षण लिया, उसके बाद बिलासपुर की टीम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि पहली बार कोरबा जिला किसी महिला खिलाड़ी के अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह चमकने का गौरव प्राप्त कर रहा है। उन्होंने संजू के संघर्ष, अनुशासन और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह प्रदर्शन जिले की सभी बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायी है और विश्वास जताया कि संजू भविष्य में भी देश का नाम रोशन करती रहेंगी। 

 विश्व कप में अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर बनी संजू देवी ने महापौर और कोरबा के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि छोटे से गांव से निकलकर विश्व मंच तक पहुंचने में कोरबा ने उनकी प्रतिभा को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं बल्कि पूरे जिले की है। इस अवसर पर मनोज मिश्रा, कोरबा मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, पार्षद दिनेश वैष्णव, सचिन तिवारी, मनोज सिंह राजपूत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने संजू देवी को विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।