कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकली देशी प्लेन मदिरा बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़
कबीरधाम पुलिस ने नकली देशी प्लेन मदिरा तैयार कर बेचने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपी झारखंड से पैकिंग सामग्री और केमिकल मंगवाकर नकली शराब तैयार कर ग्रामीणों को बेचते थे। पुलिस ने छापामार कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली शराब, पैकिंग सामग्री, स्पिरिट, जरीकेन और बॉटलिंग मशीनें जब्त कीं। चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि एक फरार है।
UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम | पुलिस ने अवैध रूप से नकली देशी प्लेन मदिरा बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में भट्टी शराब के नाम पर बेचने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह लंबे समय से झारखंड राज्य से नकली पैकिंग सामग्री, ढक्कन, होलोग्राम, केमिकल और स्पिरिट मंगाकर जहरीली शराब तैयार कर उसे असली शराब की कीमत पर बेच रहा था, जिससे जनस्वास्थ्य को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज अभिषेक शांडिल्य (IPS) के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, पंकज पटेल, एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक और डीएसपी कृष्णा चंद्राकर के मार्गदर्शन में संचालित की गई। थाना बोड़ला, चौकी पोड़ी, साइबर टीम और फील्ड स्टाफ की संयुक्त कार्रवाई से इस नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।
साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल्स और संदिग्ध गतिविधियों की लोकेशन ट्रैकिंग कर गिरोह का पूरा नेटवर्क उजागर किया। इसके आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम पोड़ी में छापा मारकर आरोपी नंद कुमार कुर्रे के मकान से नकली शराब का पूरा प्लांट पकड़ा।
जप्त सामग्री:
-
49 पाव नकली देशी प्लेन मदिरा (कुल 8820 एमएल)
-
6 बंडल नकली स्टिकर
-
8 पेज नकली होलोग्राम
-
7 बोरी खाली पाव बोतलें
-
नकली प्रिंटेड ढक्कन
-
25 लीटर के 42 जरीकेन
-
पानी के 19 जार
-
3 बॉटलिंग मशीन
-
अन्य अवैध पैकिंग सामग्री
गिरफ्तार आरोपी:
-
नंद कुमार कुर्रे, उम्र 34 वर्ष, निवासी पोड़ी
-
इस्लाम उर्फ सुद्दू, उम्र 45 वर्ष, निवासी पोड़ी
-
शेख साजिद, उम्र 28 वर्ष, निवासी पोड़ी
-
छोटू उर्फ दिनेश चंद्रवंशी, उम्र 26 वर्ष, निवासी कुसुमघटा
जांच में पता चला कि दो और स्थानीय आरोपी इस नेटवर्क से जुड़े थे, जिनमें से एक मादक पदार्थ गांजा प्रकरण में जेल भेजा जा चुका है और दूसरा फरार है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि नकली पैकिंग सामग्री और केमिकल झारखंड से मंगाए जाते थे, जिससे स्पष्ट है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था।
आरोपियों के विरुद्ध आबकारी और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत गंभीर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना जारी है।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध शराब, नकली मदिरा निर्माण या स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाली गतिविधियों को कड़े रूप से रोका जाएगा और ऐसे नेटवर्क को जड़ से समाप्त किया जाएगा।
इस कार्रवाई में चौकी पोड़ी, थाना बोड़ला तथा साइबर सेल की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।