धमतरी पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई, 53 पेटी अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 53 पेटी शराब जब्त की है। करीब 458 लीटर अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अब अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Jul 25, 2026 - 18:10
 0  3
धमतरी पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई, 53 पेटी अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 53 पेटी अवैध शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त की गई शराब की कुल मात्रा लगभग 458 लीटर है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2,23,680 रुपये से अधिक बताई गई है। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम धौराभाठा में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खिलानंद साहू उर्फ गोलू साहू (उम्र 33 वर्ष) और कमलेश साहू (उम्र 32 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम धौराभाठा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।

जब्त सामग्री में 40 पेटी देशी प्लेन शोले शराब (1920 पौवा, 345.600 लीटर), 5 पेटी देशी मसाला शोले शराब (240 पौवा, 43.200 लीटर) तथा 8 पेटी जम्मू व्हिस्की (384 पाव, 69.120 लीटर) शामिल हैं। कुल मिलाकर 53 पेटी शराब यानी 2544 पौवा (लगभग 458 लीटर) जब्त किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि यह केवल शराब जब्ती तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय सप्लाई चेन, परिवहन, भंडारण और वितरण नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

धमतरी पुलिस ने इसे जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, परिवहन या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। धमतरी पुलिस का उद्देश्य जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।