छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, 36 लाख आशीर्वाद के दीये जलाने का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को प्रदेशभर में 36 लाख आशीर्वाद के दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के दौरान सेवा गतिविधियों, जनप्रतिनिधि सम्मेलन, युवा कार्यक्रम, रंगोली, भाषण एवं ड्राइंग प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न आयोजन होंगे।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पत्रकार वार्ता के दौरान अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन की कामना के साथ 17 सितंबर को पूरे प्रदेश में 36 लाख ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम 100 दीये प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विजय शर्मा ने कहा कि यह अभियान केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े व्यापक जनअभियान के रूप में आयोजित किया जाएगा। अभियान में गांव, शहर, बूथ और परिवार स्तर पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है। प्रत्येक बूथ पर परिवारों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत 2047 का संकल्प लिया जाएगा।
अभियान के तहत 7 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों के प्रमुख चौराहों पर विशेष मशाल स्थापित की जाएगी। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रमुख चौकों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिनके माध्यम से प्रधानमंत्री देश के विभिन्न जिला केंद्रों को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वडनगर से वाराणसी तक विशेष ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा में 250 बाइकों पर 500 यात्री शामिल होंगे। यह यात्रा विभिन्न राज्यों से होकर छत्तीसगढ़ के कवर्धा और कोरिया सहित अन्य क्षेत्रों से गुजरेगी।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिक भी सामाजिक और प्रशासनिक स्तर की सेवा गतिविधियों में भाग ले सकेंगे। ‘सेवा के रंग’ के तहत सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख संस्थानों और घरों में 25 वर्षों के विकास कार्यों और सेवा भाव पर आधारित रंगोली प्रतियोगिताएं और प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। सरकारी और निजी स्कूलों में मोदी सरकार के सेवा कार्यों और विकसित भारत की अवधारणा पर भाषण और ड्राइंग प्रतियोगिताएं भी होंगी।
‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम के माध्यम से 25 वर्षों के सेवा कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को संगीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों और सामुदायिक केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और माताओं की भागीदारी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ‘जनसेवक महाकुंभ’ के तहत पंच से लेकर संसद तक के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन प्रस्तावित है, जिसमें छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
‘25 साल की 25 कहानियां’ अभियान के तहत देश में हुए बड़े बदलावों, महत्वपूर्ण निर्णयों और प्रमुख निर्माण परियोजनाओं को कहानियों के माध्यम से युवाओं और समाज तक पहुंचाया जाएगा। केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की वास्तविक बदलाव की कहानियों और वीडियो का डिजिटल डेटा बैंक तैयार किया जाएगा। इसके अलावा सेवा ज्योति यात्राएं, सेवा सेतु केंद्र, कैंप और इनोवेशन चैलेंज आयोजित होंगे। प्रत्येक विधानसभा में कम से कम दो प्रमुख स्थानों पर प्रत्यक्ष सुधार और बदलाव सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के दौरान नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सेवा सेतु केंद्रों पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी योजना है।