सीसी रोड निर्माण से व्यापार को मिलेगी गति: चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी
कवर्धा के वार्ड क्रमांक 23 में सत्यम जनरल स्टोर्स से महावीर स्वामी चौक तक सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने किया। लंबे समय से जर्जर सड़क के कारण परेशान नागरिकों व व्यापारियों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | के महावीर स्वामी वार्ड क्रमांक 23 में सत्यम जनरल स्टोर्स से महावीर स्वामी चौक तक प्रस्तावित सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, वार्ड पार्षदों और क्षेत्रीय व्यापारियों की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। लंबे समय से जर्जर अवस्था और उखड़ी सड़कों के कारण धूल, गड्ढों व अव्यवस्थित आवागमन की समस्या बनी हुई थी। इस मार्ग के निर्माण की व्यापारियों व स्थानीय नागरिकों द्वारा बार-बार मांग की जा रही थी, जिसके बाद निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रवंशी ने कहा कि वार्ड क्रमांक 23 की यह सड़क वर्षों से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। समस्याओं का समाधान करना पालिका की पहली प्राथमिकता है और नगर में जहां भी सुविधाओं की कमी है उसे दूर करने के लिए विभिन्न विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सीसी रोड के बन जाने से धूल और गंदगी की समस्या समाप्त होगी और व्यापार को भी नई गति मिलेगी। लक्ष्य है—स्वच्छ, सुंदर और विकसित कवर्धा का निर्माण।
सड़क निर्माण शुरू होने पर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होने जा रहा है, नए सीसी रोड से आवागमन सुरक्षित होगा और दुकानों व घरों को धूल से राहत मिलेगी। नागरिकों ने नगर पालिका टीम और अध्यक्ष चंद्रवंशी का आभार व्यक्त करते हुए गुणवत्तापूर्ण व समय पर निर्माण की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, शहर मंडल अध्यक्ष सतविंदर पाहुजा, सभापति रिंकेश वैष्णव, पार्षद डोनेश राजपूत, सौखी आहिरवार, हरीश कुंभकार, जसवंत छाबड़ा, अतुल देशलहरा, प्रेमचंद श्रीश्रीमाल, डॉ. अतुल जैन, कमल आहूजा, अमित शर्मा, हरदीप सलूजा, राजेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।