नेहरू नगर में बालको ने बनाया सामुदायिक भवन, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया लोकार्पण
बालको द्वारा नेहरू नगर में निर्मित नए सामुदायिक भवन का लोकार्पण मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में भवन को समुदाय को समर्पित किया गया। इस अवसर पर बालको की सामाजिक विकास और सामुदायिक कल्याण संबंधी पहलों की सराहना की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. राहुल गुप्ता, कोरबा l बालकोनगर स्थित नेहरू नगर क्षेत्र को एक नई सौगात मिली है। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा निर्मित आधुनिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। इस अवसर पर कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत, बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार सिंह तथा वार्ड पार्षद कृपाराम साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, बालको अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, शिलापट्ट अनावरण और सामुदायिक भवन के लोकार्पण के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समुदाय के सदस्यों ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए बालको द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बालको औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सड़क निर्माण और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में कंपनी की पहल सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि नेहरू नगर में निर्मित यह सामुदायिक भवन स्थानीय नागरिकों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
मंत्री ने नागरिकों से इस भवन का अधिकतम उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक एकता को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज को संगठित करने और विकास की प्रक्रिया में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य केवल औद्योगिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर में सुधार लाना भी है। उन्होंने कहा कि यह सामुदायिक भवन लोगों के बीच सहयोग, सौहार्द और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने में सहायक होगा। उन्होंने स्थानीय समुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और विश्वास से ही विकास कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका है।
नव-निर्मित भवन में रैंप सहित कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक भी आसानी से इसका उपयोग कर सकेंगे। यह भवन विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयोगी साबित होगा।
बालको ने सामुदायिक कल्याण और आधारभूत संरचना विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए वित्तीय वर्ष 2026 में 12 सामुदायिक शौचालय, 2 सामुदायिक मंच और 4 सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया है। इन पहलों के माध्यम से कंपनी स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।