बघमरा जनसमस्या निवारण शिविर में 5611 आवेदनों का हुआ निराकरण, हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

बालोद विकासखंड के ग्राम बघमरा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों से प्राप्त 5658 आवेदनों में से 5611 का मौके पर निराकरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में हितग्राहियों को आवास, राशन कार्ड, पेंशन, दिव्यांग सहायता उपकरण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

Jun 9, 2026 - 11:59
 0  2
बघमरा जनसमस्या निवारण शिविर में 5611 आवेदनों का हुआ निराकरण, हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बालोद विकासखंड के ग्राम बघमरा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों और हितग्राहियों के लिए कई सौगातें लेकर आया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। साथ ही विभिन्न विभागों से प्राप्त हजारों आवेदनों का मौके पर निराकरण भी किया गया।

शासकीय हाई स्कूल परिसर बघमरा में आयोजित इस शिविर में संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा, एसडीएम नूतन कंवर तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

शिविर के दौरान हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास पूर्णता प्रमाण पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, नए राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन स्वीकृति आदेश, मत्स्य पालन प्रसार योजना के तहत जाल एवं आइस बॉक्स वितरित किए गए। इसके अलावा दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को श्रवण यंत्र तथा बैटरी संचालित ट्रायसाइकिल भी प्रदान की गई।

राज्य शासन के निर्देशानुसार शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए विशेष मेडिकल बोर्ड भी लगाया गया था। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मौके पर उपस्थित दिव्यांगजनों का परीक्षण कर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए। कार्यक्रम के दौरान नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया, जिसमें अतिथियों ने बच्चों को खीर खिलाकर शुभकामनाएं दीं।

शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 5658 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 3931, श्रम विभाग को 397, खाद्य विभाग को 607, महिला एवं बाल विकास विभाग को 249, विद्युत विभाग को 125 तथा राजस्व विभाग को 117 आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन द्वारा इनमें से 5611 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया, जिसे ग्रामीणों ने सराहा।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सुशासन तिहार 2026 के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा आम जनता के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं और मांगों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

बघमरा में आयोजित इस शिविर में परसदा, सांकरा, दनवागांव, डेंगरापार, जगन्नाथपुर, घुमका, कोहंगाटोला, मनौद, तरौद, खेरथाडीह, जुंगेरा, भोथली, ओरमा, पड़कीभाट, सिवनी, खैरतराई, उमरादाह, हीरापुर और देवीनवागांव सहित अनेक ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए।

ग्रामीणों और हितग्राहियों ने शिविर में मिले लाभ और त्वरित निराकरण के लिए प्रशासन और राज्य शासन के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक प्रभावी पहल बताया।