अग्रवाल महिला मंडल क्रिकेट महोत्सव कल से, महिला टीमों के बीच होंगे रोमांचक मुकाबले
अग्रवाल महिला मंडल द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कल सुबह 8 बजे पाम विलेजियो बॉक्स स्टेडियम में होगा। प्रतियोगिता में महिला मंडल, महिला डॉक्टर्स, अग्रवाल सभा, युवती मंडल एवं युवा मंडल की टीमें भाग लेंगी। उद्घाटन एवं समापन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित होगा।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। अग्रवाल महिला मंडल द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन कल सुबह 8 बजे पाम विलेजियो बॉक्स स्टेडियम में किया जाएगा। यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अग्र समाज को पारिवारिक रूप से जोड़ने और महिलाओं की सहभागिता को प्रोत्साहित करने का एक सुंदर प्रयास है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे महिला मंडल की पहली टीम के मैच से होगी। इसके पश्चात सुबह 9:30 बजे महिला डॉक्टर्स की टीम अपना मुकाबला खेलेगी। इसके बाद एक विशेष उद्घाटन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जो बेहद खास अंदाज में संपन्न होगा। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा जी उपस्थित रहेंगी।
इस अवसर पर अग्रवाल सभा अध्यक्ष सम्मानीय विजय भैया, अग्रवाल सभा की पूरी टीम, युवा मंडल की संपूर्ण टीम, युवती मंडल की टीम तथा सभी मोहल्लों के संयोजक एवं सह-संयोजक उपस्थित रहेंगे। समाज के सभी घटकों की सहभागिता इस आयोजन को और भी भव्य बनाएगी।
उद्घाटन के बाद मैचों की श्रृंखला प्रारंभ होगी, जिसमें पहले अग्रवाल सभा का मुकाबला खेला जाएगा। इसके पश्चात महिला मंडल की दो टीमें आमने-सामने होंगी। इसके बाद युवती मंडल की टीम मैदान में उतरेगी, फिर पुनः महिला मंडल की दूसरी टीम का मुकाबला होगा। इन सभी मैचों के बाद सेमीफाइनल खेला जाएगा। सेमीफाइनल के पश्चात युवा मंडल का मैच आयोजित होगा और अंत में प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला महिला मंडल की टीमों के बीच खेला जाएगा।
महिला मंडल की सदस्यों ने सभी अग्र बंधुओं से अनुरोध किया है कि वे सुबह 8 बजे से ही स्टेडियम पहुंचकर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करें, क्योंकि महिला मंडल को आयोजन का सीमित अनुभव है। यह पूरा कार्यक्रम पारिवारिक वातावरण में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
शाम 5 बजे रायपुर लोकसभा सांसद सम्मानीय बृजमोहन अग्रवाल जी का आगमन प्रस्तावित है। उनके सान्निध्य में कार्यक्रम का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। पुरस्कार वितरण अग्रवाल सभा अध्यक्ष विजय भैया, सभा की पूरी टीम, युवा मंडल, युवती मंडल एवं महिला मंडल के संयुक्त प्रयास से उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।
अग्रवाल महिला मंडल ने समस्त अग्र बंधुओं से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने हेतु सपरिवार उपस्थित रहने का सादर आमंत्रण किया है।