कबीरधाम में 4.10 लाख की चोरी का खुलासा: पंडरिया पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, 3.02 लाख की संपत्ति जब्त

कबीरधाम जिले के पंडरिया स्थित पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र में हुई 4 लाख 10 हजार रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी नंद राम श्रीवास को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी से नकदी, चांदी के आभूषण, मोटरसाइकिल और अन्य सामान सहित कुल 3 लाख 2 हजार 80 रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Oct 23, 2026 - 09:53
 0  3
कबीरधाम में 4.10 लाख की चोरी का खुलासा: पंडरिया पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, 3.02 लाख की संपत्ति जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पंडरिया पुलिस ने पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र में हुई 4 लाख 10 हजार रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नंद राम श्रीवास, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम घोंठा, थाना पांडातराई, जिला कबीरधाम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नकदी, चांदी के आभूषण और वारदात में प्रयुक्त सामग्री सहित कुल 3 लाख 2 हजार 80 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 और 15 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात पंडरिया के कुकदूर तिराहा स्थित पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र में सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। दुकान संचालक अमरीक सिंह सलूजा ने थाना पंडरिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर ने दुकान के काउंटर की दराज में रखे 4 लाख 10 हजार रुपये चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305A में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल और हेमसागर सिदार के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भूपत सिंह के पर्यवेक्षण में विशेष जांच की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम घोंठा निवासी नंद राम श्रीवास को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही के आधार पर उसके निवास से चोरी की बची हुई नकदी 1 लाख 49 हजार 80 रुपये तथा चोरी के पैसों से खरीदे गए लगभग 1 लाख 32 हजार रुपये मूल्य के चांदी के एक जोड़ी लच्छा बरामद किए गए।

इसके अतिरिक्त पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 ED 7263, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये है, लगभग 5 हजार रुपये का रियलमी मोबाइल फोन और एक हजार रुपये मूल्य का लोहे का सब्बल भी जब्त किया है। आरोपी द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं। इस प्रकार पुलिस ने कुल 3 लाख 2 हजार 80 रुपये की संपत्ति जब्त करने की जानकारी दी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी नंद राम श्रीवास के विरुद्ध पूर्व में भी कबीरधाम जिले की चौकी बैजलपुर में चोरी का मामला दर्ज है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 22 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पंडरिया निरीक्षक अजय सिन्हा, थाना पंडरिया पुलिस टीम और साइबर थाना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कबीरधाम पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।