विकसित भारत क्विज से दुर्ग के युवाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का मौका

दुर्ग जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को ‘माई भारत-विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ के तहत राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। जिले में 23,248 युवाओं के पंजीयन और ऑनलाइन क्विज में सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। विकसित भारत क्विज में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है।

Sep 9, 2026 - 08:21
 0  2
विकसित भारत क्विज से दुर्ग के युवाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का मौका

UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l दुर्ग जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा, ज्ञान, विचार और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलने जा रहा है। ‘माई भारत-विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ के तहत जिले में 23,248 युवाओं के पंजीयन एवं ऑनलाइन क्विज में सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ‘विकसित भारत क्विज’ में शामिल होने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित है। युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन वर्ष 1995 से प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर किया जाता है। देशभर के युवाओं को एक मंच पर लाने वाले इस आयोजन को वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के रूप में पुनर्गठित किया गया। इसी क्रम में 30वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव-विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, नवाचार और रचनात्मक चिंतन को बढ़ावा देना है।

‘माई भारत’ पोर्टल पर आयोजित विकसित भारत क्विज 22 भाषाओं में उपलब्ध है। क्विज के माध्यम से भारत, भारतीय विरासत, देश की उपलब्धियों, विकास यात्रा और विकसित भारत 2047 जैसे विषयों पर युवाओं के सामान्य ज्ञान एवं समझ का परीक्षण किया जाएगा। क्विज में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इस पूरी प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को अपने ज्ञान और विचारों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का मंच प्राप्त होगा।

विकसित भारत चैलेंज ट्रेक के तहत युवाओं का चयन पांच चरणों में किया जाएगा। पहला चरण ऑनलाइन क्विज का है, जो 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसके बाद 5 से 19 अक्टूबर तक ऑनलाइन निबंध लेखन होगा। 10 से 16 नवंबर तक जिला चैंपियनशिप, 17 नवंबर से 7 दिसंबर तक राज्य स्तरीय विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग और अंत में 10 से 12 जनवरी 2027 तक नेशनल डायलॉग प्रस्तावित है। निबंध और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से युवा विकसित भारत के निर्माण से जुड़े अपने विचार, विजन, नवाचार और समाधान प्रस्तुत करेंगे।

अभियान के राष्ट्रीय स्तर के चरण में चयनित युवाओं को विकसित भारत से जुड़े अपने विचार और सुझाव राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को राष्ट्र निर्माण और नीति-निर्माण की प्रक्रिया में अपनी सोच और सुझाव प्रस्तुत करने का मंच मिलेगा। जिला और राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर की प्रक्रिया में आगे बढ़ेंगे।

जिले में अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए स्कूल-कॉलेजों के साथ आईटीआई, पॉलीटेक्निक, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड, जिला रोजगार कार्यालय, जिला कौशल विकास प्राधिकरण, जनपद पंचायतों, जनसंपर्क विभाग और आईआईटी भिलाई सहित विभिन्न संस्थाओं को जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, दुर्ग के प्रतिनिधि क्षितिज ने पंजीयन और क्विज प्रक्रिया की जानकारी दी। बजरंग कुमार दुबे ने संबंधित संस्थाओं से विशेष अभियान चलाकर पात्र युवाओं का अधिकाधिक पंजीयन कराने और क्विज में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला युवा अधिकारी ने दुर्ग जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं से विकसित भारत क्विज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।