व्यवसायी से लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, 20 लाख की रकम बरामद
अंबिकापुर में मोबाइल कंपनी के डीलर अनिल अग्रवाल से हुई लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में लूट की रकम बरामद कर ली गई है। दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। त्वरित कार्रवाई से खुश होकर व्यापारी अनिल अग्रवाल ने पुलिस टीम को 51 हजार रुपये का नगद पुरस्कार और सम्मान समारोह देने की घोषणा की है।
UNITED NEWS OF ASIA. आकाश सोनकर, सरगुजा | अंबिकापुर मोबाइल कंपनी के डीलर और जाने-माने व्यवसायी अनिल अग्रवाल के साथ हुई लूट की सनसनीखेज वारदात के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट की गई लगभग 20 लाख रुपये की रकम बरामद कर ली है। इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, हालांकि प्रारंभिक जांच में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, व्यवसायी अनिल अग्रवाल मोबाइल कंपनी के सब-डीलरों से लगभग 20 लाख रुपये की कलेक्शन राशि लेकर देर रात स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर के कैलाश मोड़ के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अनिल अग्रवाल गंभीर रूप से घायल होकर बेहोशी की हालत में जमीन पर गिर पड़े। इस अवसर का फायदा उठाकर बदमाश उनके पास मौजूद नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। लगातार दबिश और सटीक जांच के परिणामस्वरूप पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लूट की गई पूरी रकम भी बरामद कर ली।
इस सफल कार्रवाई पर छत्तीसगढ़ चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है। वहीं, पीड़ित व्यवसायी अनिल अग्रवाल ने भी पुलिस की तत्परता से संतुष्टि जताई और कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की टीम के सम्मान में एक सम्मान समारोह आयोजित करने तथा 51 हजार रुपये की नगद राशि पुरस्कार स्वरूप देने की घोषणा की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे भी गहन जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस लूट में किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शहर में अपराध पर लगाम लगाने के लिए ऐसे मामलों में सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।